प्रयागराज: 35 लाख दो वरना रास्ता बंद! बुजुर्ग की परिवार संग आत्मदाह की चेतावनी

Views
दूरदर्सन न्यूज़ 24/7 ब्यूरो, प्रयागराज Published by: कैफ़ी सुल्तान

खबर को YouTube पर देखने के लिए यहां क्लिक करें

(विस्तार)

प्रयागराज।
प्रयागराज जनपद के नैनी थाना क्षेत्र के उमरगंज भंडारा निवासी 65 वर्षीय मुमताज अली ने अपने मकान तक आने-जाने का करीब 25 से 30 वर्ष पुराना रास्ता बंद किए जाने का आरोप लगाया है। पेशे से दर्जी मुमताज अली का कहना है कि वह सिलाई करके किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक तंगी के बीच रास्ता बंद होने से उनका परिवार गंभीर परेशानी का सामना कर रहा है।
मुमताज अली के मुताबिक, आराजी संख्या 124 में उनका मकान है, जबकि आराजी संख्या 123 स्थित ताहिर अली की जमीन के किनारे से उनके आने-जाने का रास्ता वर्षों से चला आ रहा था। उनका दावा है कि मकान बनवाने से पहले ताहिर अली ने उन्हें इसी रास्ते से आवागमन करने की सहमति दी थी। वह संबंधित जमीन पर बटाई के आधार पर खेती भी करते रहे हैं। उनके पास बाहर निकलने का दूसरा कोई रास्ता नहीं है।
मुमताज अली ने आरोप लगाया कि ताहिर अली के दामाद रफाकत अली और उनके कुछ सहयोगियों ने रास्ता देने के बदले 35 लाख रुपये की मांग की। इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताने पर कथित तौर पर रास्ता बंद करने की कोशिश की गई। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस दौरान ईंट से पैरों पर चोट पहुंचाई गई।
पीड़ित के अनुसार, रास्ते में दीवार खड़ी कर गेट लगा दिए जाने से उनके परिवार का आवागमन प्रभावित हो गया है। मामले को लेकर वह संबंधित थाने और उपजिलाधिकारी के यहां प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि रास्ते के विवाद को लेकर न्यायालय में भी मुकदमा विचाराधीन है और नोटिस की पैरवी के लिए आदेश हुआ है। हालांकि, मुकदमे की संख्या और आदेश का विस्तृत विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया है।
मुमताज अली का यह भी आरोप है कि 20 अक्टूबर 2026 को रफाकत अली ने सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित कर उनके व विद्वान अधिवक्ताओं के खिलाफ गलत बातें कहीं और उन्हें भू-माफिया बताने की कोशिश की। पीड़ित का दावा है कि रास्ते के विवाद पर बातचीत कराने के लिए वह कुछ अधिवक्ताओं को मौके पर लेकर पहुंचे थे, जहां कहासुनी और तनाव की स्थिति पैदा हो गई । उनका आरोप है कि दूसरे पक्ष ने ग्रामीणों को एकत्र कर अधिवक्ताओं के साथ विवाद बढ़ाने की कोशिश की और अभद्रता भी किया गया जिससे अधिवक्ताओं की छवि धूमिल हुई है 
मुमताज अली ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पुराने रास्ते के विवाद का नियमानुसार समाधान कराने और कथित रूप से रास्ता अवरुद्ध करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि जीवनभर सिलाई करके परिवार पालने वाले व्यक्ति के लिए इतनी बड़ी रकम जुटाना असंभव है। अपनी व्यथा सुनाते हुए उन्होंने परिवार सहित आत्महत्या करने की चेतावनी भी दी है।
पीड़ित ने शासन-प्रशासन से गुहार लगाई है कि मामले की मौके पर जांच कराकर आवागमन के रास्ते के संबंध में राजस्व अभिलेखों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उचित निर्णय लिया जाए। साथ ही, मारपीट, धमकी और धन मांगने के आरोपों की भी जांच कराई जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके और परिवार को राहत मिले।
(नोट:- दूसरे पक्ष का बयान उपलब्ध नहीं होने के कारण आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।)