![]() |
धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन का त्यौहार, बच्चों में दिखा उत्साह |
आजमगढ़। भाई बहन के अटूट स्नेह (प्रेम), आस्था, पवित्रता और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व जनपद आजमगढ़ के मार्टिनगंज तहसील क्षेत्र में शनिवार को हर्ष उल्लास और परंपरा पूर्वक धूमधाम से मनाया गया। हर वर्ष की तरह इस वर्ष सावन पूर्णिमा की तिथि पर बहनों ने रक्षा सूत्र से भाइयों की कलाइयां सजाई। रेशम की डोरी के धागे भले ही कच्चे हो लेकिन इसके पीछे का स्नेह अटूट और बेहद मजबूत होता है। भाई और बहन के पवित्र रिश्ते की डोर को और मजबूत करने के लिए बहनों ने भाइयों की कलाई में रक्षासूत्र (राखी) बांधी तो भाइयों ने भी बहन को रक्षा का वचन दिया।
![]() |
बहन प्रिशा राय भाई संपूर्ण राय को राखी बांधती हुई |
बहन-भाई के प्यार के प्रतीक इस त्योहार को लेकर घर-घर में व्यापक तैयारियां की गई थी। हर तरफ रक्षाबंधन का उत्साह झलका। शनिवार को बहनों ने सुबह से उपवास रखकर स्नान और श्रृंगार किया। खुद सज धज कर बहनों ने राखी की थाल सजाई, जिसमें राखियों के साथ रोली, हल्दी, कुमकुम, अक्षत (चावल), दीपक, मिठाई आदि रखा। बहनों ने भाइयों को तिलक (टीका) लगाकर उनकी आरती उतारी और उनकी दाहिनी कलाई पर राखी बांधकर मिठाई खिलाई और अपनी सुरक्षा और सम्मान की कामना की। भाइयों ने भी उनको रक्षा का वचन व हमेशा साथ निभाने का वचन देते हुए उपहार दिए। शनिवार को अधिकांश बहनों ने भाई की कलाई पर राखी सजाई और उपहार पाकर अपनों के साथ खुशियां मनाई। पंचांग के अनुसार पूर्णिमा के साथ ही शनिवार को सावन का महीना समाप्त हो गया।
![]() |
भाई संपूर्ण राय को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा करती हुई बहन प्रिशा राय |
छोटे-छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में रक्षाबंधन को लेकर एक सा उत्साह नजर आया। तमाम आधुनिकताओं के बावजूद आज भी भारतीय परंपराओं पर अटूट विश्वास की झलक ऐसे ही पर्व पर नजर आती है। सावन का महीना बीते 11 जुलाई 2025, दिन शुक्रवार को आरंभ हुआ था। सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित है। पूरा महीना भगवान शिव की पूजा के लिए उत्तम माना गया है। सावन के अंतिम दिन भगवान शिव और माता पार्वती की विशेष पूजा अर्चना की गई।
स्थानीय तहसील क्षेत्र के मार्टिनगंज, सोहौली, महुजा मोड़, दुबरा, बरौना, बरदह समेत आदि स्थानों पर राखियों और मिठाई की दुकानें सजी रही और लोग खरीददारी करते नजर आए।