जौनपुर: नाै आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

Views

जौनपुर। सबरहद गांव में सोमवार की देर शाम आशुतोष का शव पहुंचने के बाद चीख पुकार मच गई। मंगलवार की सुबह तकरीबन दस बजे शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, आशुतोष को बदमाशों ने पांच गोलियां मारी थीं। मौके से पुलिस को 9 एमएम का खोखा मिला है। मामले में चार नामजद और पांच अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार की शाम पोस्टमार्टम के बाद शव घर लाया गया। इस दाैरान परिवार के लोग रो-रो कर बेहाल हो गए। पत्नी रात भर शव के पास बैठकर रोती रही। सर्किल समेत अन्य थानों की फोर्स सबरहद गांव में मौजूद रही। मंगलवार की सुबह तकरीबन दस बजे पैतृक आवास से उठकर शव यात्रा गांव के समीप एक पोखरे पर पहुंची। वहां अंतिम संस्कार किया गया। पुत्र सार्थक श्रीवास्तव ने मुखाग्नि दी। इस दाैरान क्षेत्रीय विधायक रमेश सिंह व पूर्व विधायक बांकेलाल सोनकर क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान समेत पुलिस बल व नागरिक उपस्थित रहे। अंतिम संस्कार के समय सभी की आंखें नम हो गईं।

सबरहद गांव व इमरानगंज बाजार छावनी में तब्दील

हत्या के बाद इमरानगंज बाजार और सबरहद गांव छावनी में तब्दील हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे अपराधियों की धरपकड़ में जुटी हुई है। हत्या का कारण अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने अब तक 12 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है। सोमवार को घटनास्थल से 9 एमएम के चार खोखे व कारतूस कब्जे में लिए थे। पोस्टमार्टम के दाैरान आशुतोष के सीने में पांच गोलियां लगने की बात सामने आई है।

पुलिस से की गई थी सुरक्षा की मांग : डाली श्रीवास्तव

आशुतोष की बहन डाली श्रीवास्तव ने कहा कि अगर पुलिस ने सुरक्षा दी होती तो शायद उसके भाई जिंदा होते। डाली ने कहा कि एक सप्ताह पूर्व आशुतोष श्रीवास्तव को क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने अपने आफिस में बुलाकर जान का खतरा बताकर सतर्क रहने की बात कही थी। उन्होंने आशुतोष को कुछ दिनों के लिए कहीं बाहर जाने या अंडरग्राउंड होने को कहा था। इस पर आशुतोष ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी। क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने कहा कि आरोप निराधार है। पुलिस ने सुरक्षा देने की बात कही थी लेकिन उसने सुरक्षा लेने से इन्कार कर दिया था।