![]() |
तीसरे सोमवार पर शिवालयों पर लगा शिव भक्तों का तांता |
जियाउल हक जी की रिपोर्ट
(I.C.B चीफ)
दूरदर्शन न्यूज़ 24/7
(विस्तार)
आजमगढ़। सावन माह के तीसरे सोमवार को स्थानीय तहसील क्षेत्र के चर्चित शिव मंदिर बंधवा महादेव मंदिर, खाकी बाबा की कुटी कुंभ में स्थित शिव मंदिर, बरदह थाना परिसर में स्थित शिव मंदिर समेत अन्य बाजार से लेकर गांव तक के सभी शिव मंदिरों पर भक्तों का आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ देखी गई। स्थानीय तहसील क्षेत्र के बहुचर्चित शिव मंदिर बंधवा महादेव मंदिर में सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। भक्तों ने हर-हर महादेव, बम बम भोले, हर हर शंभू के जयघोष के साथ शिवलिंग पर जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर एक दिन पहले रविवार को शिवालयों की विशेष साफ-सफाई कराई गई थी।
![]() |
दर्शनार्थियों की सुरक्षा ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण को चेक करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए सीओ लालगंज। |
साथ ही सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हुई। भक्तों ने दूध और जल से शिवलिंग का अभिषेक किया। बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवरिये बंधवा महादेव मंदिर में पहुंचे। सोमवार को हर ओर आस्था का सैलाब उमड़ा दिखाई दिया। सुबह से ही श्रद्धालु जल चढ़ाने के लिए कतार में लगे और पूजा अर्चना करते रहे। मंदिर परिसर में हर हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। भक्तों ने शिवजी को बेलपत्र, मदार का पत्ता, मदार का फल, धतूरा और भांग अर्पित किए।
![]() |
तीसरे सोमवार पर शिवालयों पर लगा शिव भक्तों का तांता |
लोगों ने बताया कि जो भी भक्त सच्चे मन से अपनी मनोकामना लेकर आता है, बाबा उसकी मुराद अवश्य पूरी करते हैं। मंदिर में प्रतिदिन भक्त दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन मंगलवार और शनिवार को विशेष भीड़ रहती है। श्रावण माह में तो भक्तों की संख्या और भी अधिक हो जाती है। तीसरे सोमवार पर भी मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सभी ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की। तमाम शिव मंदिर परिसरों पर सोमवार दोपहर तक जगह-जगह मेले का भी आयोजन किया गया। लोग इन मेलों में जरूरी सामानों की खरीदारी करते दिखे।
विद्वान पंडित हर्षित त्रिपाठी व गिरजा प्रसाद पाठक ने बताया कि वैसे तो सावन का हर दिन पावन माना जाता है। लेकिन इस पूरे माह में पड़ने वाले हर सोमवार का विशेष महत्व होता है। सोमवार को शिव की भक्ति का सबसे अच्छा दिन माना जाता है। मान्यता है कि शिव को सोमवार का दिन सबसे ज्यादा प्रिय होता है। इसलिए इस दिन शिव की भक्ति और उनका जलाभिषेक करने पर शिव की कृपा अपार मिलती है। यह भी माना जाता है कि शिव सावन के पूरे महीने अपनी ससुराल कनखल में ही निवास करते हैं। यहीं से वे सृष्टि का संचालन और लोगों का कल्याण करते हैं।
![]() |
दर्शनार्थियों की सुरक्षा ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण को चेक करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए सीओ लालगंज। |
वहीं सीओ लालगंज भूपेश जी द्वारा श्रावण मास के तीसरे सोमवार पर थाना बरदह क्षेत्रान्तर्गत स्थित बंधवा महादेव मंदिर में दर्शनार्थियों की सुरक्षा ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण को चेक किया गया व आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।