जौनपुर: ऑटो चालक की चाकू मारकर हत्या, राहगीरों ने बुलाई पुलिस

Views
जौनपुर। जौनपुर में नेवढ़िया रामनगर ब्लॉक रोड पर ऑटो चालक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद हत्यारे फरार हो गए। थोड़ी देर में ही उधर से एक वाहन गुजर रहा था। चालक को खून से लथपथ देखकर उसने ग्रामीणों को सूचना दी। घटना स्थल पर भीड़ लग गई। चालक से लगभग 20 फीट दूर पर ऑटो खड़ी थी। पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने उसकी पहचान करना शुरू किया, लेकिन कोई भी व्यक्ति उसकी पहचान नहीं कर पा रहा था। इसके बाद ऑटो चालक की पुलिस ने तलाशी ली तो उसके जेब से मोबाइल मिला। मोबाइल से उसकी पहचान मडियाहू थाना क्षेत्र के बारीगांव नेवादा निवासी 60 साल के ब्रह्मानंद प्रजापति के रूप में हुई है।
पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी प्रशांत पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।