वृद्ध की गला रेतकर हत्या, परिजनों ने दामाद पर लगाया आरोप

Views
आजमगढ़। आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के उदियांवा गांव में बीती रात चारपाई पर घर के बाहर सो रहे वृद्ध की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उदय राज (55) पर हमला हुआ तब वह छटपटाने लगे। घटना के दौरान वह चारपाई से नीचे गिर गए। इस दौरान खून के छींटे बगल में सो रहे पोते पर भी पड़े। आवाज सुनकर नाती जग गया और शोर मचाने लगा। हमलावर पोता को छोड़कर मौके से भाग गए। शोर सुनकर घर और गांव के लोग जुट गए। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद मामले की जांच में जुट गई।
मृतक उदय राज की फाइल फोटो।
परिजनों का आरोप है कि मृतक की बेटी के पति ने मामले को अंजाम दिया है। बेटी सीमा की शादी 2 साल पहले हुई थी। किसी कारण से दोनों में विवाद चल रहा था। उनकी बेटी का आरोप था कि उसका पति ही उसकी फोटो इंस्टाग्राम फेसबुक पर वायरल कर रहा है। मामले को लेकर उसने तहरीर भी दी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों का कहना है कि इसी मामले को लेकर बेटी के पति ने हत्या की है। घटना के बाद पुलिस को मृतक के घर से करीब 500 मीटर दूरी पर भदौरा गांव में ट्यूबवेल के बगल में चाकू और बांका बरामद हुआ है। उदय राज की पांच बेटियां और दो बेटे हैं। बरदह थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द खुलासा होगा।