आजमगढ़ निकाय चुनाव के लिए शुरू हुआ प्रशिक्षण:निष्पक्ष और सकुशल चुनाव कराने को लेकर हुआ मंथन

Views

आजमगढ़ जिले में निकाय चुनाव को लेकर कर्मचारियों को दिया जा रहा है प्रशिक्षण।

जियाउल हक जी की रिपोर्ट

(I.C.B चीफ)

दूरदर्शन न्यूज़ 24/7


(विस्तार)

आजमगढ़। आजमगढ़ में सेकेंड फेज में होने वाले निकाय चुनाव की तैयारियों में जिला प्रशासन लगा हुआ है। सीडीओ श्रीप्रकाश गुप्ता की अध्यक्षता में विकास भवन के सभागार में नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2023 को सकुशल, निष्पक्ष और निर्विघ्न रूप से सम्पन्न कराने हेतु 55 मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया गया।

सीडीओ ने निर्वाचन को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सम्पन्न कराने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया को सकुशल सम्पन्न कराने में मास्टर ट्रेनर की कार्यकुशलता, दक्षता तथा सजगता अत्यन्त महत्वपूर्ण है। मतदान से एक दिन पूर्व पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल पर पीठासीन अधिकारी अपनी टीम के साथ निर्वाचन सामग्री प्राप्त करने के उपरान्त निर्वाचक नामावली की जांच करके यह देख लें कि यह उन्हीं के बूथ की है, मतपत्रों की जांच कर लें कि मतपत्र पर्याप्त संख्या में हो एवं मतपत्र कटे-फटे व त्रुटिपूर्ण नहीं होने चाहिए।

मास्टर ट्रेनर ने दिया प्रशिक्षण

सहायक कार्मिक प्रभारी इं. कुलभूषण सिंह ने प्रशिक्षण में सम्पूर्ण मतदान प्रक्रिया के विषय में विस्तार से बताया। मतदान प्रारम्भ होने पहले खाली मतपेटिका मतदान अभिकर्ताओं को दिखाना आवश्यक है।

मतदान कर्मियों के कार्य विभाजन के विषय में विस्तार से बताया। मतदान अधिकारी प्रथम निर्वाचक नामावली का प्रभारी होगा, मतदान अधिकारी द्वितीय मतपत्र एवं अमिट स्याही का प्रभारी होगा तथा मतदान अधिकारी तृतीय मतपेटिका का प्रभारी होगा। सभी मास्टर ट्रेनरों का निर्वाचन से संबंधित बहुविकल्पीय प्रश्नपत्र के द्वारा लिखित परीक्षा ली गयी।

पृथ्वी दिवस पर सेल्फी विद अमृत सरोवर

सीडीओ श्रीप्रकाश गुप्ता ने बताया है कि 22 अप्रैल को विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर जनपद के ग्रामीण अंचलों, ग्राम पंचायतों में सेल्फी विद अमृत सरोवर कार्यक्रम आयोजित करते हुए उसके फोटो, वीडियो, वाइस मैसेज, मैसेज को ट्वीटर एवं अन्य सोशल मिडिया पर अपलोड कराया जाएगा। आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मनरेगा श्रमिकों, ग्राम रोजगार सेवक, महिला मेट, तकनीकी सहायक, ग्राम पंचायत सचिव, स्वयं सहायता समूह की दीदीयां, बीसी सखी, सम्बन्धित ग्राम पंचायत के निवासी एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा।

विश्व पृथ्वी दिवस पर अमृत सरोवरों पर कम से कम 50 सम्बन्धित ग्रामवासियों द्वारा अमृत सरोवर के साथ ट्वीटर पर ट्वीट करते हुए सोशल मिडिया (#Selfie with Amrit Sarowar हैशटैग के साथ प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, केन्द्रीय ग्रामीण मंत्री, उपमुख्यमंत्री राज्य मंत्री आदि के हैण्डल को टैग करते हुए), सभी अमृत सरोवरों पर बैनर लगाये जाने, लघु गोष्ठी आयोजित कर जलवायु परिवर्तन, वृक्षारोपण, नदी, तालाब वर्षाकाल में जल संचय आदि पर परिचर्चा की जायेगी।