भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष के सामने निकाय चुनाव कड़ी चुनौती:राजनीतिक समीकरणों में आजमगढ़ में सपा की मजबूत स्थिति, रणनीति बना रही भाजपा

Views

आजमगढ़ में निकाय चुनाव भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष के सामने कड़ी चुनौती, सपा की स्थिति मजबूत।

जियाउल हक जी की रिपोर्ट

(I.C.B चीफ)

दूरदर्शन न्यूज़ 24/7


(विस्तार)

आजमगढ़। आजमगढ़ जिले में होने वाले निकाय चुनाव में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय के सामने कड़ी चुनौती है। भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें यह जिम्मेदारी दी है। ऐसे में 11 मई को जिले में होने वाले निकाय चुनाव का परिणाम क्षेत्रीय अध्यक्ष के लिए एक बड़ी चुनौती के रूप में सामने आ रहा है। हालांकि भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय का कहना है कि केन्द्र और प्रदेश की डबल इंजन की सरकार के भरोसे जनता के बीच जाकर उपलब्धियां बताएंगे और निकाय चुनाव से लेकर 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में इसका फायदा मिलेगा। पर समीकरणों की बात की जाय तो आजमगढ़ जिले में सपा मजबूत स्थिति में है। जिले की सभी 10 विधानसभा सीटों पर सपा का कब्जा है। ऐसे में निकाय चुनाव भाजपा के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।

दावेदारों की है लंबी लाइन

वोट बैंक से भले ही जिले में भाजपा कमजोर है। पर निकाय चुनाव के दावेदारों की लंबी लाइन है। एक दिन पूर्व पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने इस बात को भी कहा था कि निकाय चुनाव में निष्ठावान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को ही वरीयता दी जाएगी। ऐसे में टिकट की आस लगाए बैठे पदाधिकारी टिकट न मिलने पर खेल बिगाड़ भी सकते हैं। इन सभी चुनौतियों से निपटना भाजपा के लिए बड़ा चैलेंज है। 2022 के लोकसभा उपचुनाव में भाजपा के सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ की विजय के बाद आजमगढ़ जिले में भाजपा ने अपना फोकस बढ़ाया है। दो दिन पूर्व जिले के दौरे पर आए केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगभग 4600 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात भी दी है। ऐसे में भाजपा अपनी इन उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी। अब देखने वाली बात यह होगी कि जिले की जनता किसे अपना नेता चुनती है।