आजमगढ़। आजमगढ़ में कांग्रेस पार्टी की महिलाओं ने हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा निकालकर भाजपा का विरोध किया। महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर इस यात्रा को कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कलेक्ट्रेट पहुंचकर यात्रा में शामिल महिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने डाक्टर भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा का समापन किया।
लोकतंत्र को किया जा रहा कमजोर
कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से पूरे देश में प्रेम सौहार्द का संदेश पहुंचा है। जिस तरह से सरकारी तंत्र का दुरूपयोग कर लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, यह एक चिंता का विषय है।
हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में कांग्रेसजन केंद्र की भाजपा सरकार के वादाखिलाफी और तानाशाही रवैयै के खिलाफ जनता को जागरूक करने का काम कर रहे हैं। आपसी प्रेम सद्भाव भाईचारे का संदेश दे रहे हैं। इस अभियान के तहत राहुल गांधी का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
महंगाई को लेकर जनसंवाद कर रहे कार्यकर्ता
शीला भारती ने कहा कि कार्यकर्ता आपसी प्रेम सद्भाव भाईचारे का संदेश देने के साथ भाजपा सरकार के नाकामी के कारण देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर जनसंवाद कर रहे हैं। यहां पर लालती देवी, अजीत कुमार राय, राना खातून, सीमा भारती, अंजली पाण्डेय और प्रेमा चौहान आदि मौजूद रहीं।
