आजमगढ़। आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाने के रहने वाले कथित पत्रकार पर फल और सब्जी विक्रेताओं का उत्पीड़न करने का आरोप लगा है। जिले में बड़ी संख्या में सब्जी और फल विक्रेताओं ने डीएम और एसपी से न्याय की गुहार लगाई है। सब्जी विक्रेता सोनू कुमार का कहना है कि हम लोग सब्जी और फल का ठेला लगाकर अपनी अजीविका चलाते हैं। क्षेत्र का एक कथित पत्रकार थाने की पुलिस के साथ मिलकर आए दिन हम लोगों का उत्पीड़न करता है। सब्जी और फल ले जाता है और पैसा मांगने पर दुकान बंद कराकर कार्रवाई कराने की धौंस देता है। सोनू का कहना है कि कल रात में भी थाने के दरोगा विनय कुमार सिंह के साथ मिलकर हम लोगों की दुकान हटवा दिया।
विभागीय अधिकारियों के नाम पर धौंस
वहीं इस मामले की शिकायत करने पहुंचे फल विक्रेता अशोक सोनकर का कहना है कि हम लोगों की दुकान से प्रतिदिन फल और सब्जी लेकर आरोपी जाता है। पैसा मांगने पर हम लोगों की दुकान हटवाने की धमकी देता है। अशोक का कहना है कि यहां पर तैनात दरोगा विनय सिंह के साथ मिलकर हम छोटे दुकानदारों का उत्पीड़न किया जा रहा है। जिले के एसपी अनुराग आर्य से मामले की शिकायत करने पहुंचे आरटीआई एक्टिविस्ट जयप्रकाश सिंह ने भी मामले की शिकायत करते हुए कहा कि आरोपी दुकानदारों को धमकी देता है कि जिस तरह से फल और सब्जी वालों से उगाही किया जा रहा है, निश्चित रूप से ऐसे गंदे लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
SP ने दिए मामले की जांच के निर्देश
मामले की शिकायत मिलने के बाद जिले के एसपी अनुराग आर्य ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जिले के सीओ सिटी को इस मामले का जांच करने के निर्देश दिए हैं, जिससे घटना का खुलासा हो सके। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
