जियाउल हक जी की रिपोर्ट
(I.C.B चीफ)
दूरदर्शन न्यूज़ 24/7
(विस्तार)
हरदोई। हरदोई में एक युवक का शव बाग में रस्सी से लटका हुआ मिला। युवक का एक दिन पहले गांव के प्रधान से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
शाहाबाद के बरौनिया के रहने वाले दुर्गेश कुमार पुत्र पूसेलाल का कल शाम को गांव के ही प्रधान शैलेंद्र से किसी बात को लेकर वाद विवाद हो गया था। इस पर ग्राम प्रधान शैलेंद्र ने और उनके साथियों ने दुर्गेश को लाठी-डंडों से पीटा था। इसमें उसको काफी चोटें आई थीं। इसी बात को लेकर दुर्गेश सहमा हुआ था।
नो एंट्री के पास लगाई फांसी
दूसरे दिन सुबह गुरुवार को दुर्गेश ने पास के बाग में जाकर फांसी लगा ली। वहां पर नो एंट्री के पास जब स्थानीय लोगों ने दुर्गेश के शव को फांसी पर लटका हुआ देखा तो उन्होंने दुर्गेश के पिता पूसेलाल को जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने शाहाबाद पुलिस को भी सूचना दे दी थी।
पुलिस ने नीचे उतारा शव
शाहबाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पेड़ से नीचे उतारा। दुर्गेश के पिता ने गांव के प्रधान और उनके अन्य साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधान और उसके साथियों ने उसके पुत्र दुर्गेश को बुधवार की शाम को लाठी-डंडों से पीटा था।
परिजनों ने दी तहरीर
इसी बात को लेकर उसका लड़का काफी परेशान था, जिसके बाद उसने फांसी लगा ली। सीओ हेमंत उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद परिजनों की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

