सिटी रिपोर्टर
दूरदर्शन न्यूज़ 24 /7 फतेहपुर।
(विस्तार)
फतेहपुर। कोरोना संक्रमितों की संख्या में इजाफा होने के साथ ही लोग यात्रा करने से कतराने लगे हैं। जिसके चलते कभी रेलवे आरक्षण केंद्र में तत्काल टिकट के लिए लगने वाली लाइन फतेहपुर में गुरुवार को लगभग शून्य ही दिखाई दी। आरक्षण काउंटर पर तैनात कर्मचारी टिकट आरक्षित कराने वाले लोगों की बाट जोहते दिखाई दिए।
रेलवे आरक्षण काउंटर पर महाराष्ट्र, सूरत सहित दिल्ली के टिकट आरक्षित करवाने वालों की देर रात से ही लाइन लगना शुरू हो जाती थी। दूरदराज से आने वाले ग्रामीण महानगर जाने के लिए अपना टिकट आरक्षित कराने के लिए रात से ही आरक्षण केंद्र के बाहर डेरा जमा लेते थे। लेकिन महानगरों में कोरोना संक्रमितों की संख्या में तेजी से इजाफा होने के साथ ही आरक्षण कराने वाले लोगों की संख्या कम होती जा रही है। जिसका जीता जागता उदाहरण गुरुवार को देखने को मिला। यहां पर तत्काल टिकट के लिए लाइन में लगकर पहले टिकट आरक्षित कराने के लिए कभी धक्का मुक्की करते नजर आने वाले लोगों का टोटा रहा। बताते है कि वर्तमान में टिकट आरक्षण कराने वालों से अधिक टिकट रद्दीकरण कराने वालों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है, जिससे एक बार फिर रेलवे की आय में घाटा होने का अनुमान लगाया जा रहा है। आम दिनों में लंबी लाइन लगने के कारण आरक्षण केंद्र का परिसर यात्रियों से खचाखच भरा रहता था लेकिन गुरुवार को महज एक यात्री ही यहां पर टिकट आरक्षित कराता नजर आया जबकि कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद दिखाई दिए।