दूरदर्शन न्यूज़ 24/7 ब्यूरो चीफ लखनऊ।
(विस्तार)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश/ किसानों ने लगाई गुहार, 20 वर्षों से जमीन का मालिकाना हक न मिलने से परेशान चिनहट क्षेत्र के पांच गांवों के किसान बुधवार को केन्द्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर के दुबग्गा स्थित आवास पर फरियाद लेकर पहुंचे। किसानों ने सांसद को किसानों से किया गया वादा याद दिलाया। केन्द्रीय मंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री से इस विषय में किसानों के साथ बात करेंगे। चिनहट क्षेत्र के पांच गांवों के सैकड़ों किसान बीते 20 वर्षों से अपनी ही जमीन का मालिकाना हक नहीं पा सके हैं। 2001 में यूपी आवास संघ ने मटियारी, तकरोही, हरदासीखेड़ा, फतहापुरवा व कमता गांव की 656.59 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया था। जनहित एवं किसान कल्याण समिति के किसान उपेन्द्र यादव, मायाराम, वरदान सिंह बताते हैं कि अधिग्रहण के बाद न तो जमीन का अवार्ड घोषित हुआ न ही किसी किसान को मुआवजा मिला। वहीं 2007 में जमीन आवास संघ के नाम दर्ज हो गई। सांसद कौशल किशोर ने किसानों को जमीन वापस दिलाने के लिए काफी संघर्ष किया। सरकार बनने पर जमीन किसानों के नाम कराए जाने का वादा किया। लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ। इसी वादे को याद दिलाने के लिए बुधवार को वृद्ध महिलाओं के साथ कई किसान सांसद के दुबग्गा स्थित आवास पर पहुंचे। कौशल किशोर जी ने सबको आश्वासन दिलाया और जल्द ही उनको उनका हक दिलाने की बात कही।